चुनाव से पहले फिर जेल से बाहर आया बाबा, हनीप्रीत के साथ पहुँचा यूपी के बरनावा !
चुनाव से पहले फिर जेल से बाहर आया बाबा, हनीप्रीत के साथ पहुँचा यूपी के बरनावा |
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर फरलो मिली है। राम रहीम को 21 दिन के लिए जेल से बाहर लाया गया है। यह निर्णय राज्य विधानसभा चुनाव के ठीक पहले लिया गया है ।
आज सुबह हनीप्रीत जो राम रहीम की करीबी सहयोगी हैं उन्हें सुनारिया जेल से यूपी के बरनावा आश्रम लेकर गई । सुबह 6 बजकर 46 मिनट पर जेल से निकलने के बाद राम रहीम की सुरक्षा में दो गाड़ियाँ चल रही थीं। इनमें से एक में हनीप्रीत और ड्राइवर के अलवा सीपी अरोड़ा था वहीं दूसरी गाड़ी में एडवोकेट हर्ष अरोड़ा और डॉक्टर पीआर नैन मौजूद थे। यहां से पुलिस सुरक्षा के साथ राम रहीम को यूपी ले जाया गया है |
गुरमीत बाबा को 2017 में साध्वी दुष्कर्म मामले में सजा सुनाई गई थी। इसके बाद छत्रपति हत्याकांड में भी सजा मिली। तभी से वह सुनारिया जेल में बंद हैं। पिछली बार 19 जनवरी 2024 को उन्हें 50 दिन की पैरोल मिली थी जो बाबा यूपी के बरनावा आश्रम में बिताई थी।
हाल ही में हाईकोर्ट ने यह फैसला दिया था कि राम रहीम को पैरोल या फरलो बिना कोर्ट की अनुमति के नहीं दी जाए। इसके बाद राम रहीम ने हाईकोर्ट में अर्जी दायर कर पैरोल या फरलो पर रोक हटाने की मांग की थी। हाईकोर्ट ने निर्णय दिया कि प्रदेश सरकार खुद राम रहीम की फरलो या पैरोल के मामले में फैसला ले सकती है। इसके बाद सरकार ने 21 दिन की फरलो को मंजूरी दे दी। यह राम रहीम की जेल से बाहर 13वीं बार निकलने की घटना है और उन्हें अब तक कुल आठ बार पैरोल मिल चुकी है।
कब-कब जेल से बाहर आया गुरमीत
20 अक्तूबर 2020: मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल मिली।
12 मई 2021: ब्लड प्रेशर और बेचैनी की शिकायत पर पीजीआई में जांच के लिए लाया गया।
17 मई 2021: मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल दी गई। पुलिस सुरक्षा में उसे गुरुग्राम ले जाया गया।
3 जून 2021: पेट में दर्द की शिकायत पर पीजीआई लाया गया।
8 जून 2021: स्वास्थ्य जांच के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
13 जुलाई 2021: जांच के लिए एम्स ले जाया गया। वापसी में दो महिलाओं से कथित मुलाकात की जांच की जा रही है।
फरवरी 2022: 21 दिन की पैरोल मिली।
जून 2022: 30 दिन की पैरोल मिली।
अक्तूबर 2022: 40 दिन की पैरोल मिली।
21 जनवरी 2023: 40 दिन की पैरोल मिली।
20 जुलाई 2023 : 30 दिन की पैरोल मिली।
20 नवंबर 2023 : 21 दिन की पैरोल मिली।
19 जनवरी 2024 : 50 दिन की पैरोल मिली।
13 अगस्त 2024 : 21 दिन की पैरोल मिली।
Comments
Post a Comment